नगर कोतवाली में जनसमस्याएं सुनते सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा। - संवाद
गोंडा। जिले के 17 थानों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। जमीन पर कब्जे और पैमाइश से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। अधिकारियों ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मामलों के निस्तारण का भरोसा दिया।
देहात कोतवाली में चोरसिहा गांव निवासी मायाराम ने बताया कि पत्नी के नाम बैनामा कराई गई जमीन पर मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। मकान के पीछे बची जमीन को पड़ोसी चकरोड बताकर कब्जाना चाहते हैं। विरोध करने पर धमकी देते हैं। उन्होंने जमीन की पैमाइश कराने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने लेखपाल और पुलिस की संयुक्त टीम भेजने का भरोसा दिया। इसी कोतवाली में सरैया चौबे निवासी अभिषेक दूबे ने शिकायत कर बताया कि उनकी जमीन पर कुछ लोग जबरन निर्माण कर रहे हैं। विरोध करने पर एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
नगर कोतवाली में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने शिकायतें सुनीं। राजा मोहल्ला निवासी अख्तर अजीज फारूकी ने शिकायत की कि गिर्द गोंडा में बैनामा कराई गई जमीन पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। वहां जाने पर पिटाई की धमकी दी जाती है। पैमाइश कराने पहुंचे लेखपाल को भी धमकाकर भगा दिया गया।
धानेपुर में छह, वजीरगंज में 14 शिकायतें आईं
धानेपुर थाने में एएसपी अजीत कुमार रजक ने शिकायतें सुनीं। उन्होंने मिशन शक्ति पटल का निरीक्षण कर महिला संबंधी अपराधों और शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। थानाध्यक्ष विपुल पांडेय के अनुसार, यहां छह शिकायतें आईं, जिनमें पांच राजस्व और एक पुलिस से संबंधित थी। निस्तारण के लिए टीमें गठित की गईं। वहीं, वजीरगंज थाने में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। यहां सभी 14 मामले राजस्व से संबंधित थे लेकिन किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। (संवाद)