डुमरियाडीह (गोंडा)। यूरिया लादकर तरबगंज जा रहे ट्रक का वजीरगंज के दुर्जनपुर घाट पर स्थित पुल पर बुधवार शाम अचानक ब्रेक फेल हो गया। इससे ट्रक पीछे की ओर आने लगा।
ट्रक के पीछे एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह और तरबगंज ब्लाॅक प्रमुख मनोज पांडेय की कार भी थी। गनीमत रही कि इनकी गाड़ियां साइड होकर किसी तरह निकल गईं। एक वैगनआर कार चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में सवार पांच लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्र ने बताया कि ट्रक का ब्रेक फेल होने पर कार क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। कोई शिकायत नहीं मिली है। - संवाद