मुजेहना (गोंडा)। थाना धानेपुर के ग्राम उजैनीकला के मजरा भदैयांपुरवा में गन्ने का सर्वे करने आए सहायक गन्ना विकास अधिकारी की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने घायल सहायक गन्ना विकासअधिकारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मनकापुर चीनी मिल्स लिमिटेड मनकापुर के अधिकारी श्रीलाल तिवारी ने बताया कि राघवेंद्र सिंह (30) पुत्र सुखपाल सिंह निवासी चौखड़िया पोस्ट रायपुर जिला लखीमपुर सहायक गन्ना विकास अधिकारी के पद पर मनकापुर चीनी मिल्स लिमिटेड मनकापुर में कार्यरत थे। वह गुरुवार को प्रात: थाना धानेपुर के उज्जैनी कला ग्राम के भदैयां पुरवा में गन्ना क्षेत्र का सर्वे करने गए थे।
लोगों ने बताया कि वहीं पर करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने उन्हें निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनकापुर चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना उमेश कुमार सिंह ने बताया कि राघवेंद्र गन्ना सर्वे करने के लिए गया था जहां किसान ने कंटीले तार लगाया जिसमें बिजली का करंट आ रहा था जिसकी चपेट में वह आ गया। उन्होंने बताया कि राघवेंद्र के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। इसके लिए जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ तहरीर दी जाएगी।