बालपुर (गोंडा)। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बालपुर पुल पर बुधवार की देर रात बाइक सवार बाप-बेटी को रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाप बेटी घायल हो गये। लोगों ने टेक्सी से जिला चिकित्सालय भेजवाया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गयी। बेटी का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
थाना परसपुर क्षेत्र के मिझौरा भोला पुरवा निवासी रमेश गौतम (48) अपनी पुत्री लक्ष्मी (18) के साथ मोटर साइकिल से अपनी रिश्तेदारी में मोकलपुर गांव जा रहे थे। रात्रि करीब 9 बजे बालपुर पुल पर गोंडा से लखनऊ जा रही रोडवेज की बस सिद्धार्थ नगर डिपो ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। बालपुर बाजार निवासी समाज सेवी अंकित शुक्ल ने तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर गये।
जहां से हालत गंभीर होने पर रमेश गौतम को केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान रमेश गौतम की मौत हो गयी, जबकि लड़की लक्ष्मी का इलाज गोंडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चौकी प्रभारी बालपुर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि रोडवेज बस को करनैलगंज में पकड़ लिया गया है। अभी तक परिवारीजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।