कौड़िया थाना क्षेत्र के सरैय्या गांव में जमीन के विवाद को लेकर चार दिन पहले कुछ लोगों ने एक अधेड़ को लाठी-डंडों से मारपीट कर मरणासन्न कर दिया। उसे बचाने पत्नी और बेटी दौड़ी तो हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार देर शाम अधेड़ ने दम तोड़ दिया।
इस मामले में अधेड़ के बेटे ने कौड़िया थाने में पिता-पुत्रों समेत छह लोगों के खिलाफ मारपीट व गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कौड़िया थाना क्षेत्र के सरैय्या गांव के रहने वाले मायाराम चौहान ने बताया कि उसका गांव के ही प्रहलाद से जमीन का विवाद चल रहा है।
इसी को लेकर नौ नवंबर की दोपहर प्रहलाद, उसके बेटे कप्तान व नानबाबू अपने तीन साथियों के साथ उसके घर पर आ धमके और लाठी-डंडे से उसके पिता रामेश्वर चौहान (55) को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया।
पिता को बचाने माता सरस्वती (50) व बहन पूजा (15) दौड़ीं तो हमलावरों ने उन्हें भी मारपीटकर घायल कर दिया। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार की देर शाम रामेश्वर चौहान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इस मामले में मायाराम ने कौड़िया थाने में प्रहलाद, उसके बेटे नानबाबू, कप्तान व खुल्लर, प्रेमनाथ, ओंकार के खिलाफ मारपीट व गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।