जिला जेल से दिवाली के दिन एक बंदी कारागार की दीवार फांद कर भाग निकला। इससे जेल में खलबली मच गई, लेकिन जेल प्रशासन ने बाद में बंदी को उसके घर से पकड़ लिया।
सीतापुर जिले के थाना सदर क्षेत्र के ग्राम भुरकुड़ा के रहने वाले मनीष कुमार उर्फ रिंकू को गोंडा की रेलवे पुलिस ने नौ नवंबर को रेलवे एक्ट में जेल भिजवाया था।
बताया जाता है कि मनीष को राजकमान बैरक में रखा गया था। 11 नवंबर की शाम वह बैरक के बाहर जेल की बाहरी दीवार को एक लकड़ी की बल्ली के सहारे फांद कर भाग निकला। शाम को जब बंदियों की गिनती हुई तो जेल प्रशासन के होश उड़ गए।
जेल अधिकारियों ने कौन बंदी भाग निकला है, उसके नाम-पते की खोज की। इसके बाद जेल अधिकारियों की एक टीम सीतापुर रवाना हुई। टीम ने बंदी को उसके घर से पकड़ लिया।
इस बाबत जेल अधीक्षक आरके त्रिपाठी ने बताया कि जेल से भागे बंदी को उसके घर से पकड़ लिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर कोतवाली में फरार होने वाले बंदी मनीष उर्फ रिंकू के खिलाफ जेल से भाग निकलने का मामला दर्ज कराया गया है।