गर्मी की छुट्टियों में एमडीएम संचालन को लेकर शिक्षकों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। कलेक्ट्रेट में सोमवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के शिक्षकों ने शासन के फरमान के खिलाफ प्रदर्शन किया। आदेश वापस न होने पर शिक्षकों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्ट्रेट में मौजूद एसडीएम सदर को सौंपा।
प्राथमिक शिक्षक के अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह व मंत्री मंगलदेव मिश्र के नेतृत्व में सोमवार को शिक्षकों का हुजूम कलेक्ट्रेट में जमा हो गया। विरोध प्रदर्शन कर शिक्षकों ने गर्मी की छुट्टियों में एमडीएम संचालन न करने की चेतावनी दी।
धरने को संबोधित करते हुए अध्यक्ष व मंत्री ने कहा कि 20 मई को शासन द्वारा जारी आदेश में एमडीएम संचालन में शिक्षकों के शामिल होने की व्यवस्था नहीं दी गई है लेकिन बेसिक शिक्षा कार्यालय द्वारा जारी आदेश में एबीआरसी, एनपीआरसी व शिक्षकों को ही एमडीएम संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है जो शासनादेश के विपरीत व अव्यवहारिक है।
गैर जनपदों में तैनात शिक्षक गर्मी की छुट्टियों में घर जाना चाहते हैं लेकिन शासन के फरमान के चलते घर नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में दायित्वों को सौंपकर शिक्षकों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है।
शिक्षक एकजुट होकर ऐसे फरमानों का विरोध करेंगे। धरने को ब्लॉक अध्यक्ष उमेश चंद्र, अनूप कुमार सिंह, नवीन सिंह, आलोक श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश पाठक, हर्षित सिंह आदि ने भी संबोधित किया।
प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में मौजूद सदर एसडीएम इंद्रभूषण वर्मा को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर आदेश वापस लेने की मांग की।