देवीपाटन मंडल के नवागत आयुक्त सुधीर कुमार दीक्षित ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार में विकास कार्यक्रमों की मंडलीय समीक्षा कर अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणात्मक सुधार व तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने कहा कि जनपद की सड़कों के निर्माण कार्य में युद्धस्तर पर तेजी लाएं और बरसात शुरू होने के पूर्व प्रयास करें कि जरूरी कार्य पूर्ण करा लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कि सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम गोंडा आशुतोष निरंजन ने बताया कि जनपद में स्कूलों में रैंडम चेकिंग कराई गई, जिसमें उन्होंने जब अधिकारियोें से चेकिंग कराई तो रिपोर्ट में कुछ नहीं मिला, परंतु जब उन्होंने वही जांच एसडीएम द्वारा कराकर क्रॉस चेकिंग की तो पाया गया कि विद्यालयों में अध्यापकों की उपस्थिति व प्रबंधन काफी घटिया है।
इस प्रकरण पर मंडलायुक्त ने अपर निदेशक बेसिक शिक्षा को निर्देश दिए हैं कि प्रकरण की जांच कराकर शीघ्र रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराएं। विद्युतीकरण की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत देवीपाटन मंडल को निर्देश दिए कि राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत चयनित गांवों में अभियान चलाकर विद्युतीकरण व लोगों का पंजीकरण कराएं।
लोहिया आवासों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों को ही मिले। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान जनपद बलरामपुर में भुगतान की स्थिति शून्य मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर निदेशक स्वास्थ्य से जवाब तलब कर एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत भुगतान कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, बैठक में डीएम श्रावस्ती ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि जनपद श्रावस्ती में डाटा कलेक्शन नहीं हो पा रहा है, जिससे भुगतान नहीं हो पा रहा है। इस पर उन्होंने सीएमओ से जवाब तलब किया है। इसके अलावा आयुक्त ने मॉडल स्कूलों के निर्माण, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के निर्माण, कन्या विद्या धन, राजकीय हाईस्कूलों के निर्माण, कौशल विकास मिशन, जननी सुरक्षा योजना आदि की समीक्षा की।