गोंडा। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में राज्य कोटे की एमबीबीएस की 85 सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू होगी। तीन अक्तूबर तक प्रवेश प्रकिया पूरी कर कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
पहले दो सप्ताह तक फाउंडेशन की कक्षाएं चलेंगी। जिसमें छात्र-छात्राओं को चिकित्सा शिक्षा के व्यावहारिक ज्ञान, गोंडा के परिवेश, हॉस्टल व अस्पताल के विषय में जानकारी दी जाएगी। एमबीबीएस में पहले वर्ष प्री-क्लिनिकल पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कराई जाएगी। यह चरण दो सेमेस्टर तक चलेगा। इसमें एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री और फिजियोलॉजी विषय शामिल हैं।
मेडिकल कॉलेज में दूसरे बैच के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए समितियां बना दी गई हैं। ये समितियां शैक्षिक व आवासीय परिसर के रखरखाव संबंधी कार्यों की निगरानी करेंगी।
विद्यार्थियों को दिया जाएगा तनावमुक्त वातावरण
विद्यार्थियों को तनावमुक्त वातावरण प्रदान करना चिकित्सा महाविद्यालय के लिए अहम है। हॉस्टल व आवासीय परिसर को बेहतर बनाने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। अक्तूबर से पहले बैच की कक्षाओं का संचालन शुरू होगा। इससे पहले फाउंडेशन कोर्स चलेगा।
डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज गोंडा