करनैलगंज। पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल राजमिस्त्री शिवशंकर (35) निवासी चकरौत हरदयाल पुरवा की लखनऊ में इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के चकरौत स्थित हरदयाल पुरवा का है। बीते नौ नवंबर की रात पड़ोसियों से विवाद के बाद मारपीट हुई थी। मृतक शिवशंकर की पत्नी पूजा ने बताया कि बीते नौ नवंबर की रात पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी सुखराम, उसके बेटे सूरज व चंदन और पत्नी ने दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर आरोपियों ने उनके पति शिवशंकर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गए थे। ग्रामीणों के बीच-बचाव पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी सुखराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सीओ आनंद राय ने बताया कि पहले से दर्ज जानलेवा हमले की रिपोर्ट में हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। वांछित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। (संवाद)