खोड़ारे। अलीनगर तिवारीजोत गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक विवाहिता का शव स्नानघर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां ने पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
गांव निवासी संजनी देवी (22) बुधवार रात खाना खाने के बाद अपनी ननद की बेटी के साथ कमरे में सोई थी। बृहस्पतिवार सुबह उसके ससुर रामशब्द सोकर उठे और बहू को चाय बनाने के लिए आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान स्नानघर में रस्सी के सहारे उसका शव लटका मिला।
मृतका की मां शीला देवी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी पांच मई को अलीनगर तिवारीजोत निवासी आशीष कुमार के साथ हुई थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे बेटी के ससुर रामशब्द और उनकी पत्नी ने फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेटी का शव फंदे से उतारकर कमरे में रख दिया गया है।
सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि मृतका की मां ने शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।