गोंडा। जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित अंक सुधार परीक्षा-2021 को पूरी शुचिता के साथ संपन्न कराने के आदेश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक संपन्न हुई।
शुक्रवार को हुई बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि अंक सुधार परीक्षा मानकों एवं नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के संपन्न कराई जाय। बताया कि जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार 18 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आयोजित होगी। परीक्षा में हाईस्कूल के 338 एवं इंटरमीडिएट के 585 छात्र सम्मिलित होंगे।
बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि परीक्षा के लिए निर्धारित समस्त परीक्षा केन्द्रों में 10 वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक, 10 पर्यवेक्षक, 04 सचल दल, 45 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 04 जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केन्द्रों को जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से व राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से जोड़ा जा चुका है। कंट्रोल रूम में पर्यवेक्षण के लिए नोडल व पाली वार प्रभारी अधिकारियों की तैनाती की गई है।
डीएम निर्देश दिए कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में जिले के सभी 10 परीक्षा केंद्र संपूर्ण परीक्षा अवधि में निरंतर ऑनलाइन रखा जाए। इसके निरन्तर पर्यवेक्षण के लिए कंट्रोल रूम में नोडल एवं प्रभारी अधिकारी तैनात रहेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि किसी परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी कैमरा सुचारू रूप से न चल रहा हो तो उसकी लिखित रिपोर्ट तत्काल जिला विद्यालय निरीक्षक को दी जाए। यह भी निर्देश दिए सभी परीक्षा केंद्रों में तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने ड्यूटी तिथि को परीक्षा शुरू होने के समय सुबह 8 बजे प्रथम पाली व 2 बजे दोपहर द्वितीय पाली में शुरू होने से 45 मिनट पूर्व निर्धारित परीक्षा केन्द्र में पहुंच जाएं और वहां पर तैनात अधिकारियों, कक्ष निरीक्षकों, आंतरिक सचल दल के सदस्यों की उपस्थिति की जांच करेंगे।
संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर वाइस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी फुटेज व रिकॉर्डिंग के साथ राउटर डिवाइस के क्रियाशील होने की जांच निश्चित रूप से की जाय।
परीक्षा केंद्रों पर तैनात केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक पूरी परीक्षा अवधि की वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी फुटेज एवं रिकार्डिंग सुरक्षित रखने के साथ ही राउटर डिवाइस को क्रियाशील रखेंगें और निरीक्षण अधिकारी को परीक्षा अवधि से अवगत करायेंगे।