गोंडा। माह के अंत में होने वाले सावन माह की शुरुआत की तैयारी में शहर के बाजार सजने लगे हैं। भगवान शिव की आराधना, कांवड़ यात्रा, सोमवार के व्रत और धार्मिक आयोजनों को लेकर लोग खरीदारी में जुटने लगे हैं। खासकर कपड़ा बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक दिखने लगी है। कारोबारी इस बार बेहतर बिक्री होने की उम्मीद लगाए हैं।
शहर के चौक बाजार, स्टेशन रोड, मालवीय नगर और अन्य प्रमुख बाजारों में कपड़ों की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक खरीदार पहुंच रहे हैं। महिलाओं और युवतियों की पहली पसंद हरे रंग की साड़ियां, सूट, कुर्तियां और ड्रेस बनी हुई हैं। इसके अलावा युवाओं में कुर्ता-पायजामा, टी-शर्ट और बच्चों के परिधानों की भी अच्छी मांग देखने को मिल रही है।
कारोबारी सोनू कसौंधन ने बताया कि सावन का महीना धार्मिक आस्था के साथ-साथ व्यापार के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण रहता है। हर सोमवार मंदिरों में जलाभिषेक, कांवड़ियों की आवाजाही, व्रत-पूजन और पारिवारिक धार्मिक आयोजनों के चलते कपड़ों की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होती है। इसी को देखते हुए इस बार पहले से अधिक स्टॉक मंगाया गया है।
चौक बाजार के कपड़ा व्यापारी बृजेश गुप्ता ने बताया कि सावन शुरू होने के साथ ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस बार हरे रंग के परिधानों के साथ पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन की अच्छी मांग है। बताया कि ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए विभिन्न डिजाइन और बजट के अनुसार कपड़ों का संग्रह तैयार किया गया है। बाजार में साड़ियां 500 रुपये से 5,000 रुपये, जबकि कुर्ता-पायजामा 800 रुपये से 3,000 रुपये तक उपलब्ध हैं।