गोंडा। धनतेरस से ही बाजार गुलजार हो गया है। बाजार में भीड़ जुट रही है और लोग दीपावली की तैयारी के साथ ही धनतेरस को देखते हुए सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। धनतेरस इस बार दो दिन मानाया जा रहा है, गुरुवार व शुक्रवार को बाजार में बड़े स्तर पर खरीदारी होने की उम्मीद हैं। माना जा रहा है कि जिले के अलग-अलग बाजारों के साथ ही शहर में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार होगा। गुरुवार व शुक्रवार को धनतेरस को लेकर जेवर, बर्तन, वाहन के साथ इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खरीददारी की धूम रहेगी।
बुधवार को खरीदारी करने के लिए जुटे लोगों से पूरा शहर जाम रहा। लोग अपने परिवार के साथ बाजार में मनपसंद वस्तुओं की खरीदारी करने को पहुंचे। शोरूमों, मॉल व दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। सुबह से चला खरीदारी का दौर देर रात तक चलता रहा। कारोबारियों ने बताया देर रात तक दुकानें खुली रहेंगी। मंदी के इस दौर में अभी तक बाजार शांत था। लेकिन धनतेरस व दीपावली पर्व के चलते बाजार में अचानक जान आ गई है। दुकानदारों ने भी धनतेरस पर ग्राहकों की पसंद को देखते हुए जमकर तैयारी की थी। लोगों ने धनतेरस पर ऑफर का फायदा उठा कर जमकर खरीदारी की।
ब्रांडेड व डिजाइनर ज्वैलरी की मांग
कोरोना संकट में मंदी के बीच में धनतेरस पर सोने चांदी के जेवरात व सिक्के की खरीद से सराफा बाजार झूम उठा। मंदी के इस दौर में कई माह से कुछ शादी ब्याह की खरीदारी को छोड़ दिया तो सराफा मार्केट में खामोशी छाई हुई थी। धनतेरस ने सराफा बाजार में जान फूंक दी है। लोगों ने सराफा दुकानों पर ब्रांडेड डिजाइनर ज्वैलरी की खरीद हो रही है। दुकानदारों व कंपनियों की ओर से सोने के कंगन व अंगूठी की खरीद पर छूट का ऑफर दिया गया। लोगों ने अपने पसंद की खरीद की। नगर के भरत मिलाप चौराहा, ईदगाह रोड पर सराफा दुकानदारों के यहां खरीदारों की भीड़ रही। सोने व चांदी के सिक्के के अलावा ज्वैलरी खरीदने के लिए लोग सपरिवार पहुंचे। सराफा कारोबारी अंजीत जायसवाल व राजीव रस्तोगी ने बताया कि इस बार दीपावली से सराफा बाजार में रौनक लौटी है। लोगों को नये डिजाइन के गहने पसंद आ रहे हैं। बाजार में कार बाइक को खरीदने के लिए लोगों ने बुकिंग करायी है। इसके अलावा भी धनतेरस के दिन अलग से भी वाहन खरीद की उम्मीद है। जिले में करीब 500 बाइक व 11 कारों के बिक्री तय हो गई है। कारोबारियों ने बताया कि जिले भर में करीब 15 करोड़ रुपये के पार कारोबार जाने की उम्मीद है। अलग अलग कंपनियों की ओर से छूट का विशेष ऑफर दिया जा रहा है। धनतेरस व दीपावली पर लोग वाहनों को खरीदना शुभ मानते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की खरीदारी तेज
इलेक्ट्रॉनिक व इलेक्ट्रिक वस्तुओं की भी खूब खरीदारी के लिए बाजार लय में है। अलग-अलग वस्तुओं की करीब 18 करोड़ रुपये के खरीदारी की उम्मीद जतायी जा रही है। इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के शोरूम पर लोगों ने टीवी, पंखा, एसी, गीजर, एलसीडी, वाशिंग मशीन, फ्रिज, मिक्सी व ग्राइंडर आदि की खरीदारी करने के लिए बाजार में भ्रमण करते दिखे। लोगों ने दीपावली में अपने घरों को सजाने के लिए अपने जरूरत की वस्तुओं की जमकर खरीदारी की।
बर्तन बाजार में भी बूम की जगी उम्मीद
धनतेरस पर आभूषण व बर्तन की खरीदारी को काफी शुभ माना जाता है। त्योहार पर बर्तन की खरीद करने की परम्परा है। बर्तन की दुकानों पर तो खरीदारों की लंबी लाइन देखी गई। कारोबारियों की मानें तो जिले में करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद है। बर्तन बाजार में बनाने वाली कंपनियों की ओर से वस्तुओं को आकर्षक मूल्य के अलावा एक्सचेंज ऑफर दे रखा है, जिससे खरीदारों में भी उत्साह है। नगर के बर्तन कारोबारी हरी सेठ व शिव राज सिंह ने बताया कि लोगों ने ब्रांडेड कंपनी के गैस चूल्हे, इंडेक्शन चूल्हे, कुकर, मिक्सी को लोगों ने पसंद किया। इसके अलावा अन्य बर्तनों की खरीदारी की। बर्तन खरीद के लिए नगर के बाजाजा बाजार में भीड़ का आलम अभी से चल रहा है।
गोबर, मिट्टी की रंगीन व चांदी की मूर्तियों की हो रही बिक्री
दीपावली के लिए दुकानों पर गोबर, मिट्टी, पीओपी, पत्थर व चांदी की मूर्ति छायी रही। दीपावली में गणेश व लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इसके लिए दुकानदारों ने भी तैयारी की है। नगर के चौक बाजार, रामलीला मैदान, अंबेडकर चौराहा, रानी बाजार में मूर्ति की दुकानों पर भीड़ रही। सराफा दुकानों पर लोगों ने चांदी की बनी मूर्ति की खरीदारी की । लोगों ने दीपावली में पूजा करने के लिए मूर्तियों की खरीदारी की। नगर के सिविल लाइन में अंबेडकर चौराहे पर मूर्ति व मोमबत्ती विक्रेता दिनेश कुमार ने बताया कि उनके यहां पर 20 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की मूर्तियां उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि लोग रंगीन मूर्तियां पसंद कर रहे हैं। मैजिक खिलौने की भी धूम है। टेक्नोलॉजी ने बच्चों के खिलौने की दुनिया को बदल दिया है। बच्चे भी आज कल मैजिक वाले खिलौने को ही पसंद कर रहे हैं। कंपनियों ने भी बदलते दौर खिलौने की बाजार को भर दिया है। दीपावली को लेकर खिलौने की दुकानों पर एक से बढ़कर एक खिलौने बिक रहे हैं। जिले में करीब 10 करोड़ रुपये के खिलौने की बिक्री होने का अनुमान है। इस बार प्लास्टिक व मिट्टी के खिलौने की बिक्री हो रही है । खरीदारों ने भी अपने बच्चों के लिए खिलौनों की खरीद की। अंबेडकर चौराहे पर खिलौना विक्रेता संतोष कुमार चौबे ने बताया कि बच्चों के लिए आकर्षक कीमत में देशी मैजिकल खिलौने उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे रंगीन व इलेट्रॉनिक खिलौने पसंद कर रहे हैं।
बिजली की झालरों व मिट्टी के दीये से सजी है बाजार
धनतेरस व दीपावली पर्व पर इस बार विदेशी सामग्री बहुत कम है, देशी बिजली की झालरों व मिट्टी के दीये से बाजार सजी हुई है। इनकी खरीदारी भी हो रही है। बताया जाता है कि भगवान श्रीराम के वनवास से वापस अयोध्या लौटने पर अयोध्या वासियों ने दिये जला कर खुशी मनाई थी। तभी से यह परंपरा चली आ रही है। दीपावली में लोग अपने घरों व प्रतिष्ठानों में बिजली की झालरों व दिये जला कर रोशन करते हैं। दीपावली में घरों को रोशन करने के लिए लोग झालरों व दिये की खरीदारी करते हैं। इस बार बाजार में देशी झालरों के साथ दिये की खूब बिक्री हुई। शहर के अलावा कस्बाई व ग्रामीण क्षेत्रों में जगह जगह दुकान पर खरीदारों की भीड़ रही। इस बार बाजार में करीब 15 करोड़ रुपये के इलेक्ट्रिक झालरों व दो करोड़ रुपये के डिजाइनर मिट्टी के दीयों की बिक्री हुई।
त्योहर पर मिठाई के साथ है लइया-गट्टे की मांग
दीपावली में मिठाई की मांग तो बड़े पैमाने पर होती है लेकिन चावल व धान की लइया व चीनी आदि की बने गट्टा मिठाई की भी मांग बनी हुई है। लइया व गट्टा मिठाई का स्वाद अभी भी लोगों की जबान पर चढ़ा हुआ है। गरीब व मध्यम वर्ग का यह खाने का सबसे प्रिय वस्तु है। इसके अलावा इसकी बाजार में बिक्री इस लिहाज से भी अधिक होती है क्यों कि इसे दीपावली व धनतेरस में पूजा के दौरान बतौर प्रसाद भी रखा जाता है। बाजार में जगह जगह लइया व गट्टा मिठाई की खूब बिक्री हो रही है। जिले में करीब दो करोड़ रुपये का जिले भर में लइया-गट्टे की बिक्री होना बताया जा रहा है।
भगत सिंह इंटर कॉलेज मैदान में सज रही आतिशबाजी की दुकानें
दीपावली की खुशी में पटाखे छुड़ाए जाएंगे। इसकी जिले में जोरदार तैयारी की गई है। जिला प्रशासन की ओर से लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सभी पटाखे की दुकानों को नगर के बस स्टाफ स्थिति अदम गोंडवी मैदान से हटाकर इस बार शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कालेज मैदान में लगाने का फैसला लिया है। कोविड- 19 प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए एक दूसरे दुकानों में दूरी रखनी है। इसके अलावा सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करना है। ऐसे में इंटर कॉलेज के मैदान में बुधवार से ही आतिशबाजी की दुकानें सजने शुरू हो गई हैं। दुकानदारों को सुरक्षा के लिहाज से टिन शेड में दुकान लगाने के निर्देश दिये गये हैं। दीपावली के लिए लाइसेंसी दुकानदारों को शहर में एक स्थान पर पटाखे की बिक्री की जाएगी।
धनतेरस से ही सुख और संपदा के लिए शुरू हो जाएगा पूजन
प्रकाश का पर्व दीपावली हर्षोल्लास का पर्व है लेकिन जितना इसका धार्मिक महत्व है उतना ही तांत्रिक महत्व भी है। ऐसी मान्यता है कि दीपावली पर किए गए कुछ टोटके आपकी किस्मत बदल सकते हैं। साथ ही साथ आपको कभी भी धन की कमी नहीं होती। ज्योतिषाचार्य पंडित अतुल शास्त्री ने दीपावली पर पूजन मुहूर्त के बारे में बताया कि इस वर्ष बड़ी दीपावली तथा छोटी दीपावली एक ही दिन शनिवार को मनाई जाएगी जो एक अद्भुत संयोग है। यही कारण है कि इस वर्ष बड़ी दीपावली पर सुबह 6 बजे से रात 8.30 बजे तक सर्वार्थ योग रहेगा। इस योग को प्रत्येक कार्य के लिए शुभ माना जाता है। जबकि, व्यापारिक प्रतिष्ठान पूजा का मुहूर्त दोपहर 12.09 से शाम 4.05 बजे तक होगा। वहीं, लक्ष्मी पूजन शाम 5.05 से रात 8.12 बजे तक रहेगा। दीपावली कि रात्रि जागरण कि रात्रि होती है माना जाता है कि इस दिन माता लक्ष्मी धरती पर आती है और जो भी भक्त रात में जागरण करके सच्चे मन से माता कि आराधना करते है। बताया कि घर के आसपास के चौराहे पर दीपावली की रात में दीया जलाए जाते हैं और मंदिर में भी दीपदान होता है। दीपावली की रात में घर के मेन गेट यानि मुख्य दरवाजे के दोनों तरफ पर दीया जलाएं।