एसआईआर फार्म की मैपिंग करते बीएलओ।
गोंडा। जिले में लोकसभा व विधानसभा की मतदाता सूची से जहां लाखों मतदाता बाहर हो चुके हैं। वहीं, 2.83 लाख मतदाताओं की अभी तक मैपिंग नहीं हो पाई है। तरबगंज और गोंडा विधानसभा क्षेत्र की हालत सबसे खराब है। यहां महिलाओं को 2003 की मतदाता सूची की जानकारी नहीं मिल पा रही है। बीएलओ एक-एक मतदाता से जानकारी मांग रहे हैं।
जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में पंजीकृत 25.52 लाख मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया में शामिल करने के दावे किए जा रहे हैं। बीएलओ स्तर से 81.20 प्रतिशत मतदाताओं को सत्यापित किया जा चुका है। इसमें से 11.11 प्रतिशत ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जिनकी 2003 की मतदाता सूची की डिटेल नहीं मिल सकी है। साथ ही 18.72 प्रतिशत मतदाता ऐसे हैं कि जो किसी कारणवश एसआईआर में शामिल नहीं किए गए है। इसमें मृतक, स्थानांतरित, पहले से पंजीकृत समेत अन्य लोग हैं। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि ऐसे मतदाताओं में पात्रता की जांच के लिए सभी बूथों पर नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। उनके माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उनसे एआईआर के लिए जरूरी जानकारी मांगी जा रही है। 26 दिसंबर तक सभी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चुनाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जा सकती है।
मैपिंग में तरबगंज व गोंडा विधानसभा क्षेत्र की हालत सबसे खराब
अधिकारियों ने बताया कि सातों विधानसभा क्षेत्रों में औसतन 11.11 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है। इसमें तरबगंज में 14.73 और गोंडा में 13.48 प्रतिशत सबसे अधिक मतदाता शामिल हैं। मैपिंग के लिए इन मतदाताओं की 2003 की डिटेल जुटाई जा रही है। करनैलगंज 11.99, कटरा बाजार 10.54, मुजेहना 10.04, मनकापुर 9.59 और गौरा विधानसभा 6.99 फीसदी मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि पात्र मतदाताओं की मैपिंग हो सके, इसके लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।
डिटेल न मिलने से मैपिंग में सबसे अधिक दिक्कतें
पसका। परसपुर के कंपोजिट विद्यालय लोहंगपुर में बीएलओ पुष्पा पांडेय व शिक्षक रवींद्र निगम ने दावा किया कि 98 प्रतिशत एसआईआर का काम पूरा किया जा चुका है। मगर कुछ मतदाताओं की री-मैपिंग की जाएगी। उन्होंने ने बताया कि विवाहित महिलाओं की जानकारी जुटाने में सबसे अधिक समस्याएं आ रही है। कुछ महिलाओं ने अभी तक डिटेल नही उपलब्ध कराई है। मैपिंग में समस्या हो रही है। (संवाद)