करनैलगंज। आखिरकार एक माह की प्रतीक्षा के बाद नवीन फल, सब्जी और गल्ला मंडी में बुधवार को बुलडोजर से अवैध निर्माण ढहाया गया। मंडी परिसर में अनधिकृत रूप से संचालित 173 दुकानों को बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया। दोपहर से शाम तक चली कार्रवाई में दो बुलडोजर लगाए गए थे।
मंडी सभापति एवं एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि इससे पूर्व कई बार चेतावनी और नोटिस जारी कर अवैध रूप से संचालित फल व सब्जी की दुकानों को स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन व्यापारियों ने चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद बुधवार को तहसीलदार, नायब तहसीलदार, चार राजस्व निरीक्षक, नौ लेखपाल, मंडी सचिव व मंडी सहायक के साथ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
एसडीएम ने बताया कि मंडी में 68 व्यापारियों के पास वैध लाइसेंस हैं। उन्हें नियमानुसार दुकानें आवंटित की गई थीं, लेकिन अधिकांश लाइसेंसी दुकानदार आवंटित दुकानों में व्यापार नहीं कर रहे थे और दुकानें बंद पड़ी थीं। इसके बजाय वे सड़क किनारे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर एक आवंटित दुकान के नाम पर कई-कई अवैध दुकानें संचालित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी लाइसेंसी दुकानदार आवंटित दुकानों में ही व्यापार करें।