मनकापुर/गोंडा। जनसुनवाई पोर्टल आईजीआरएस पर शिकायतों के निस्तारण की रैंकिंग में जिले ने उल्लेखनीय सुधार किया है। फरवरी माह की जारी रैंकिंग में गोंडा को 41वां स्थान मिला है। इससे पहले जनवरी में जिला 58वें और दिसंबर में 66वें स्थान पर था।
डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर की गई नियमित निगरानी से स्थिति में सुधार आया है। पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने कहा कि आगे इसे और बेहतर करने के लिए प्रयास जारी हैं।
वहीं, गुणवत्तापरक निस्तारण के आधार पर मनकापुर तहसील ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। तहसीलदार सुभद्र प्रसाद ने बताया कि शिकायतों का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापरक निस्तारण होने पर तहसील को 100 में 100 अंक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और राजस्व टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। रैंकिंग में प्रथम स्थान मिलने पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने एसडीएम अवनीश त्रिपाठी, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों की टीम को बधाई दी है।