गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर जमुनिया बाग के चिस्तीपुर गांव के पास मंगलवार की दोपहर अयोध्या जा रही एक प्राइवेट बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिससे अनियंत्रित हुई बस से कुचलकर एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के तिवारी पुरवा कलंदरपुर चौबे गांव के रहने वाले तरुण पांडेय एवं दद्दन तिवारी ने बताया कि उनके गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। गांव के लोग मंगलवार को शव का दाह संस्कार करने के लिए प्राइवेट बस से अयोध्या जा रहे थे।
जब बस गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर जमुनिया बाग के चिस्तीपुर गांव के पास पहुंची, तभी शॉर्ट सर्किट के कारण चालक की सीट के समीप बस में आग लग गई। अचानक लगी आग से चालक बस से कूदकर भाग निकला।
बस अनियंत्रित होकर सड़क पार कर रहे चिस्तीपुर के रहने वाले बैठोले (40) को रौंदती हुई सड़क के बाईं ओर ईंट के चट्टे से टकराकर रुक गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गई।
वहीं, बस में सवार गिरवर चौबे (30) निवासी तिवारी पुरवा कलंदरपुर चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बस की वायरिंग व सीट जलने के बाद आग बुझ गई। देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
जमुनियाबाग के चिस्तीपुर के समीप प्राइवेट बस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग से बचने के लिए बस में सवार लोग कूद पड़े। इसके बाद यहां दूसरी बस मंगानी पड़ी। इसके बाद शव को दूसरी बस से अयोध्या ले जाया गया।