फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: एजेंसियों पर लंबी कतार, सर्वर नहीं दे रहा साथ

Fri, 13 Mar 2026 11:44 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
कटरा/बाजार/बेलसर/धानेपुर/मसकनवा/नवाबगंज। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रसोई गैस की किल्लत से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कटरा बाजार के पहाड़ापुर स्थित शंकर भारत गैस ग्रामीण पर शुक्रवार को लोड न आने से लोग घंटों धूप में बैठे नजर आए।
विज्ञापन

हडियागाड़ा के भीमसेन, बाबा बटौरा के बलराम, असरना के विशाल और भैरमपुर के कन्हैया ने बताया कि वे कई दिन से साइकिल से एजेंसी आ रहे हैं, लेकिन गैस नहीं मिल पा रही है। एजेंसी संचालक दिलीप सिंह ने बताया कि 70 नई और 268 पुरानी बुकिंग लंबित हैं, लोड आते ही वितरण कराया जाएगा।
बेलसर के कंपोजिट विद्यालय चांदपुर और कन्या जूनियर हाईस्कूल में फिलहाल एक-एक सिलिंडर से काम चल रहा है। प्रधानाध्यापकों ने चिंता जताई कि यदि जल्द गैस नहीं मिली तो रसोइयों को लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनाना पड़ेगा।
विज्ञापन

धानेपुर के कंपोजिट विद्यालय मूसापुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय राजापुर में एक सप्ताह से चूल्हे पर भोजन बनवाया जा रहा है। ज्योति गैस एजेंसी के संचालक मंशाराम वर्मा ने बताया कि बुधवार को 490 सिलिंडर वितरित किए गए थे, इसके बाद स्टॉक खत्म हो गया है और शाम तक नया लोड आने की उम्मीद है। मसकनवा के राजकमल इंडेन गैस सर्विस में घरेलू गैस सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है, लेकिन कामर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं है।
सर्वर ठप, गैस के लिए एजेंसी पर लगीं कतारें
करनैलगंज। नगर व ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता मनोकामना इंडेन गैस एजेंसी और सकरौरा इंडेन गैस एजेंसी पर शुक्रवार को सुबह से ही पहुंचने लगे थे। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वह तीन दिन से लगातार एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सर्वर बंद होने के कारण उन्हें लौटना पड़ रहा है। सूचना मिलने पर एसडीएम नेहा मिश्रा गैस एजेंसी पहुंचीं और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसियों के गोदाम में गैस स्टॉक का सत्यापन भी कराया।
लाइन में लगे युवक का सिलिंडर चोरी
नवाबगंज। कस्बे की भार्गव गैस एजेंसी पर कई दिन से उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ रही है। गोलाबाजार स्थित गांधी चौक निवासी शत्रुघ्न ने बताया कि वह तीन दिन से सिलिंडर के लिए लाइन में लग रहे हैं, लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं मिल पाया। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को वह दो खाली सिलिंडर लाइन में लगाकर पर्ची कटवाने लगे, तभी दोनों सिलिंडर चोरी हो गए। थाने में तहरीर दी गई है। संचालक रमाकांत भार्गव ने आरोपों से इन्कार करते हुए कहा कि पहले की तरह ही रोज गैस का लोड आ रहा है और सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर दिया जा रहा है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि क्षेत्र की सभी गैस एजेंसियों पर पुलिस की मौजूदगी में सिलिंडर वितरण कराया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें