गोंडा। एलपीजी सिलिंडर के लिए एजेंसियों पर लंबी कतारों के बीच बिजली की मांग बढ़ने की आशंका को लेकर पावर कॉर्पोरेशन अलर्ट हो गया है। विभाग को अंदेशा है कि गैस की अनिश्चितता के कारण लोग अधिक बिजली उपकरणों का उपयोग कर सकते हैं, जिससे लोड बढ़ेगा। इसे देखते हुए विद्युत उपकेंद्रों से लेकर लाइनों तक अनुरक्षण कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है।
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि गोंडा के झंझरी व नवाबगंज सहित बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जिले में अनुरक्षण कार्य कराया गया है। 14 मार्च को अनुरक्षण माह पूरा हो जाएगा, इसके बाद उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि इस बार गर्मी शुरू होने के साथ ही घरेलू गैस को लेकर बनी स्थिति से बिजली की मांग बढ़ सकती है। बाजार में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खरीद बढ़ गई है, इसलिए पिछले वर्ष की तुलना में लोड बढ़ने की संभावना के चलते अतिरिक्त तैयारियां की गई हैं।
आवास विकास उपकेंद्र से पांच घंटे बाधित रहेगी आपूर्ति
गोंडा। आवास विकास स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से 14 मार्च को सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उपखंड अधिकारी प्रथम भरत सिंह ने बताया कि उपकरणों के अनुरक्षण व मरम्मत कार्य के कारण कटौती की जा रही है। उपभोक्ताओं से वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की गई है।