गोंडा के कचहरी परिसर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
गोंडा। मनकापुर व तरबगंज तहसील में ग्राम न्यायालय की स्थापना के विरोध में संयुक्त बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकीलों ने शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहकर कचहरी परिसर में जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। वकीलों की हड़ताल से कचहरी में कामकाज ठप रहा। जिससे वादकारी बैरंग लौटने के लिए विवश हुए।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी व सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संगमलाल द्विवेदी की अध्यक्षता में प्रदर्शनकारी वकीलों ने कहा कि ग्राम न्यायालय स्थापना प्रकरण के विरोध व आंदोलन के दौरान वकीलों पर दर्ज फर्जी केस समाप्त न होने तक प्रत्येक शुक्रवार को आंदोलन किया जाएगा। हड़ताल के दौरान कोई अधिवक्ता बैंक, नोटरी, बीमा, बैनामा रजिस्ट्री, आयकर व जीएसटी से संबंधित कार्य नहीं करेगा। जुलूस व प्रदर्शन का संचालन बार एसोसिएशन के महामंत्री चंद्रमणि तिवारी व सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश नरायन पांडेय ने किया। इस मौके पर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष महराज कुमार श्रीवास्तव, दीनानाथ त्रिपाठी, अजीत कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार मिश्र, लाल बिहारी शुक्ल, ओम प्रकाश सोनकर व कई वकील मौजूद रहे।