गोंडा के मनकापुर में देशी शराब की दुकान पर छापा मारती प्रशासन, पुलिस व आबकारी की संयुक्त टीम।
- फोटो : GONDA
गोंडा/मनकापुर। प्रयागराज में शराब पीने से हुई मौत के बाद शनिवार को जनपद की चारों तहसील क्षेत्र में अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों पर आबकारी प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। आबकारी टीम ने जनपद की 33 दुकानों से सैंपल लिए हैं। सभी सैंपल गोरखपुर जांच के लिए भेजा जाएगा।
जिला आबकारी अधिकारी उमेश चन्द्र पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद के चारों तहसील क्षेत्रों में छापा मारने के लिए एसडीएम, सीओ व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम बनाई गई है। टीम ने शनिवार को जनपद की सदर, करनैलगंज, मनकापुर व तरबगज तहसील क्षेत्र में समस्त अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों में छापा मारा।
छापे के दौरान शहर के बस स्टॉप, जानकी नगर, पोर्टरगंज, फोरविसगंज, केशवपुर पहड़वा व फल एवम् सब्जी मंडी के पास स्थित दुकानों से सैंपल लिए गए। इसके साथ ही सभी तहसीलों क्षेत्रों में स्थित अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों से कुुल 33 सैंपल लिए गए। जिन्हें जांच के लिए गोरखपुर लैब भेजा जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अभी टीम छापा मार रही है। रात जब तक दुकानें खुली रहेंगी। तब तक छापा की कार्यवाही चलती रहेगी।