मुजेहना (गोंडा)। लगातार तीन दिनों से भीषण उमस भरी गरमी से बेहाल लोगों को रविवार की सुबह थोड़ा राहत मिली। सुबह तेज हवा के साथ हुई बारिश से शहरी इलाके में जलभराव हो गया, जबकि मुजेहना क्षेत्र में गरज चमक के साथ बारिश के बीच बिजली गिरी जिसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई।
थाना धानेपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत भोरहा के मजरा बढ़ई पुरवा में एक अधेड़ बिजली गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजन घायल अधेड़ को जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बैजूलाल प्रजापति (55) निवासी ग्राम भोरहा के मजरा बढ़ई पुरवा रविवार की प्रात: अपने खेत में लगी फसल की निराई करने गए थे। इसी बीच बरसात होने लगी और बिजली गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के अन्य व्यक्ति भी जब खेत की ओर गए तो इन्हें घायल अवस्था में पड़ा देखा। जिसकी सूचना परिवारीजन को दी। परिवारीजन तुरंत निजी साधन से घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे। तभी रास्ते में ही बैजू लाल की मौत हो गयी।