वजीरगंज। अनभुला में मंगलवार को जमीन पर कब्जे के विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के 10 लोग चोटिल हो गए। एक महिला को गंभीर हालत में मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है।
एक पक्ष के आनंद सिंह ने बताया कि गांव के ही पवन सिंह, जगत नारायण सिंह, जोगेंद्र सिंह और रणजीत सिंह उनके घर आकर अभद्रता करने लगे। विरोध पर आरोपियों ने घर में घुसकर उन्हें, पत्नी अमिता सिंह, मीना सिंह, मालती सिंह, इंद्रजीत सिंह और हेमंत सिंह को लाठी-डंडे से पीटा। अमिता मौके पर बेहोश हो गईं, जिन्हें तुरंत मेडिकल काॅलेज भेजा गया।
दूसरे पक्ष के पवन सिंह ने बताया कि हरि भजन सिंह, मातिबर सिंह, आनंद सिंह और राजन सिंह ने मिलकर उन्हें, उनके भाई अरुण सिंह, कप्तान सिंह और वीर बहादुर सिंह को लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से मारा। उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पड़ताल की जा रही है। (संवाद)