गोंडा। जिले में पश्चिमी रिंग रोड के लिए किसानों की भूमि के अधिग्रहण की कवायद तेज हो गई है। मुआवजे के निर्धारण और दावे व आपत्तियों के निस्तारण के लिए अधिसूचना जारी की गई है। राजस्व विभाग की मदद से रिंग रोड के लिए जरूरी भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
पश्चिमी रिंग रोड को कटहा घाट होते हुए गोंडा-लखनऊ मार्ग पर हारीपुर स्थित आईटीसी चौपाल सागर से जोड़ा जाएगा। यहीं से यह मार्ग बहराइच रोड पर रुद्रपुर विसेन होते हुए बलरामपुर मार्ग पर दत्तनगर के पास जुड़ जाएगा। करीब 20.57 किमी लंबे मार्ग को बनाने के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 1,646.98 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग का राष्ट्रीय राजमार्ग विंग की अधिकारियों के ओर से चिह्नांकन का काम भी पूरा किया जा चुका है। इसमें सदर तहसील की 23 और करनैलगंज के दो गांवों के किसानों की भूमि अधिग्रहित की जानी है। अधिकारियों ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के लिए केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। साथ ही भूमि अधिग्रहण के लिए राजस्व विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। निर्धारित समयसीमा में सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्माण शुरू हो सकेगा।
इन गांवों की भूमि होगी अधिग्रहित
फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने के लिए सदर तहसील के इंद्रापुर, भदुवा तरहर, पूरे ललक, दुल्लापुर खालसा, सिधाव, पंडरीशंकर, इमरती विसेन, रुद्रपुर विसेन, केशवपुर पहड़वा, पथवलिया, पूरे हेमराज, कलंदरपुर चौबे, करनीपुर, मथुरापुर चौबे, कपूरपुर, पूरे शिवाबख्तावर, झंझरी, बनवरिया, उम्मेदजोत, दत्तनगर विसेन, कटहामाफी, हारीपुर, पंडरीकृपाल और करनैलगंज तहसील के चांदपुर और दुल्लापुर तरहर समेत कुल 25 गांवों में भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
भूमि अधिग्रहण पर 353.97 करोड़ होंगे खर्च
अधिकारियों ने बताया कि फोरलेन राजमार्ग निर्माण में 875.92 करोड़ रुपये सिविल खर्च आएगा। जबकि 10.28 करोड़ रुपये लेबर खर्च किया जाएगा। इसके साथ ही 353.97 करोड़ रुपये से भूमि अधिग्रहित होगी। पांच छोटे और दो बड़े पुल बनाए जाएंगे। 14-14 अंडरपास और बस शेल्टर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही नदी-नालों पर 61 कलवर्ट बनेगा। तीन रेलवे ओवरब्रिज निर्माण भी होगा।
भूमि अधिग्रहण के बाद निर्माण में आएगी तेजी
रिंग रोड के पश्चिमी बाईपास से लखनऊ, बहराइच, बलरामपुर और अयोध्या रोड से आने वाले वाहनों को सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही गोंडा शहर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। भूमि अधिग्रहण के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। राजस्व विभाग की मदद से फोरलेन रिंग रोड बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण की जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्माण शुरू हो सकेगा।
राजकुमार पिथौरिया, एक्सईएन, एनएच पीडब्ल्यूडी