मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के दतौली चीनी मिल में शनिवार की सुबह एक मजदूर को चीनी मिल के ट्रक ने रौंद दिया। पेराई सत्र के पहले ही दिन हुए इस हादसे को दबाने के लिए मिल प्रशासन ने मजदूर को अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मजदूर के शव को मिल के गेट पर रख दिया और चीनी मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मनकापुर कोतवाल ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के कोपा गांव के मजरा करनूपुर राजा का रहने वाला बृजमोहन वर्मा दतौली स्थित मनकापुर चीनी मिल में मजदूरी करता था। शनिवार की सुबह चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ होना था, इसलिए बृजमोहन चीनी मिल के गोदाम में झाडू़ लगा रहा था।
झाडू़ लगाते समय पीछे से आए एक ट्रक ने उसे रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मिल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीण आक्रोशित हो गए और शव लाकर चीनी मिल के गेट पर रख दिया। चीनी मिल के अधिकारियों ने उन्हें गेट से हटाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों से उनकी झड़प हो गई।
नाराज ग्रामीणों ने चीनी मिल के गेट पर प्रदर्शन कर मिल अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर मनकापुर कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस मामले में मजदूर की पत्नी सरोज ने ट्रक चालक व उसके मालिक के खिलाफ मनकापुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। चीनी मिल प्रशासन ने हंगामे के बाद सहायता के तौर पर मजदूर की पत्नी को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।