गोंडा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने वाले दो लाख 12 हजार किसान अगली किस्त से वंचित रह सकते हैं। किसानों ने सम्मान निधि खाते का ई-केवाईसी करवाने में रुचि नहीं दिखाई। 31 मई तक इन किसानों ने ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की तो सम्मान निधि के 11वीं किस्त से वंचित रह जाएंगे।
जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पंजीकृत 499736 किसानों को सम्मान निधि की 10 किस्त मिल चुकी है। 11वीं किस्त जारी करने से पहले सरकार की ओर से इनके खातों का सत्यापन ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य कर दिया गया है। तीन माह से कृषि विभाग व जिला प्रशासन ई-केवाईसी करवाने को जागरूक कर रहा है। लेकिन 2,87,696 किसानों का खाता सत्यापित हो सका, जबकि 2,12,040 किसानों ने ई-केवाईसी करवाने में रुचि नहीं दिखाई। इन किसानों को अगले महीने में मिलने वाली सम्मान निधि की 11 वीं किश्त से वंचित रहना पड़ेगा। (संवाद)
किसान स्वयं भी कर सकते ई-केवाईसी
किसान अपने सम्मान निधि खाते का ई-केवाईसी करवाने के लिए किसी भी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर आधार नंबर को सम्मान निधि खाते में अपडेट करवा सकते हैं। स्वयं भी ई-केवाईसी का सत्यापन करवा सकते हैं। किसान को अपने मोबाइल नंबर से pmkisaan.gov.in के फार्मर कार्नर में लॉग-इन करना होगा। फिर ई-केवाईसी के ऑप्शन पर जाकर आधार नंबर लिखना है। किसान के मोबाइल नंबर का विकल्प खुलेगा। मोबाइल नंबर डालने पर पंजीकृत नंबर पर ओटीपी जाएगी, जिसे भरकर सबमिट करने पर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
जिन किसानों के सम्मान निधि खाते का ईकेवाईसी नहीं हुआ है। वह 31 मई तक अपने खाते का ई-केवाईसी अवश्य पूरी करवा लें। अन्यथा किसान सम्मान निधि की अगली किस्त से वंचित रह जाएंगे। यदि केवाईसी करवाने में किसी प्रकार की दिक्कत आती तो अपने गांव के किसान-मित्र से संपर्क करें। समाधान न हाने पर जिला कृषि अधिकारी या हमसे भी संपर्क कर सकते हैं। शैलेंद्र कुमार शाही, उप कृषि निदेशक