पसका। तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज के मैदान में चल रहे परसपुर प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला पुलिस लाइन गोंडा और खान स्पोर्ट्स निंदूरा के बीच और दूसरा मुकाबला टीचर्स इलेवन गोंडा व आकाश इलेवन पयागपुर के बीच खेला गया।
पहले मुकाबले में पुलिस लाइन गोंडा के कप्तान विजय सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में कप्तान विजय सिंह के 59 रन की पारी की बदौलत सात विकेट पर 110 रन बनाए। खान स्पोर्ट्स निंदूरा के समीर खान ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए खान स्पोर्ट्स निंदूरा ने 11.3 ओवर में कप्तान साहिल खान के 42 और दिलबहार खान के 23 रन की बदौलत पांच विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाकर जीत दर्ज की। निंदूरा के कप्तान साहिल खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में आकाश इलेवन के कप्तान रवि अवस्थी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टूर्नामेंट के संयोजक दीपक सिंह ने बताया कि रोशनी कम होने के कारण दूसरा मैच 10-10 ओवर का कराया गया। आकाश इलेवन ने निर्धारित 10 ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए बिना विकेट खोए 184 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीचर्स इलेवन की टीम ने आलोक के अविजित 39 रन की बदौलत 10 ओवर में पांच विकेट खोकर 80 रन बनाए। आकाश इलेवन पयागपुर के आकाश पाठक को 34 गेंद पर 11 चौकों और सात छक्कों की मदद से 92 रन बनाने तथा दो विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच चुना गया।