गोंडा। कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को सरयू व मनोरमा नदी के साथ ही पूरे जिले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जिलेभर में लाखाें श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। भोर से ही स्नान-दान और पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर बाद तक श्रद्धालुओं का रेला घाटों पर पहुंचता रहा।
करनैलगंज में सरयू के विभिन्न घाटों के साथ ही भौरीगंज व पसका में सरयू तट और इटियाथोक क्षेत्र स्थित मनोरमा नदी के उद्गम स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। घाटों के किनारे मेले का भी आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। मिठाई, जलेबी सहित अन्य खाद्य सामग्री की खूब बिक्री हुई।
स्वामीनारायण मंदिर छपिया के नारायण सरोवर में भी श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। सनातन संस्कृति में भगवान विष्णु व शंकर की पूजा के क्रम में पाप क्षय करने व अक्षय पुण्य की कामना से लाखों श्रद्धालुओं ने स्नान कर तीर्थ पुरोहितों को अन्न, द्रव्य व वस्त्र दान किया। मंदिरों में भगवान के विग्रह का दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया।