देवघर बाबा बैजनाथ धाम दर्शन के लिए निकले गोंडा के कटुआनाला गांव के तीर्थ यात्रियों की बस चंदौली जनपद में नेशनल हाईवे पर नरसिंहपुर के पास गुरुवार की देर रात खड्ड में गिर गई, जिससे बस में सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बस के 55 यात्रियों को मामूली चोटें आई है।
गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। लोग अपनों का हाल जानने के लिए फोन पर संपर्क में लगे हैं। फिलहाल ग्राम प्रधान ने तीर्थ यात्रियों को वैद्यनाथ धाम जाने के लिए यहां से दूसरी बस चंदौली के लिए रवाना कर दी है।
कौड़िया थाना क्षेत्र के कटुआ नाला गांव की ग्राम प्रधान शीला सिंह के प्रतिनिधि भूप सिंह ने बताया कि 26 अगस्त को गांव के 63 लोगों को वैद्यनाथ धाम ले जाने के लिए एक बस यहां से रवाना हुई थी। तीर्थ यात्री हरिद्वार, ऋषिकेश होते हुए इलाहाबाद में गंगाजल लेकर देवघर वैद्यनाथ धाम के लिए गुरुवार को रवाना हुए थे।
रास्ते में चंदौली जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर के समीप हाईवे पर बस अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी, जिससे बस में सवार ग्राम प्रधान समेत 10 तीर्थ यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में इलाज कराया गया। जबकि गंभीर रूप से घायल रिंकू सिंह, बच्ची, रामफेर वर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद चालक व क्लीनर भाग गए। हादसे की सूचना पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। लोग अपनों का हाल जानने के लिए फोन पर एक दूसरे से संपर्क में लगे रहे। ग्राम प्रधान शीला सिंह के प्रतिनिधि भूप सिंह ने बताया कि 10 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
प्रधान प्रतिनिधि भूप सिंह ने बताया कि बहराइच निवासी गुड्डू चौधरी की बस संख्या (यूपी 32-जेड-2331) को बुक कराया गया था। लेकिन हादसा होने के बाद बस चालक फरार हो गया और बस स्वामी ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।
यात्रियों को सुरक्षित लाने की जिम्मेदारी बस चालक व स्वामी की थी। साथ ही यदि हादसा हो गया और जो लोग सुरक्षित बच गए या घायल हुए हैं उन्हें लाने के लिए बस मालिक को दूसरी बस भेजनी चाहिए थी। लेकिन उसने ऐसा नहीं किया और दूसरी बस 54 हजार रुपये पर भेजनी पड़ी है।
ये हुए हादसे में घायल
शीला सिंह पत्नी भूप सिंह, पदमा सिंह पत्नी विजय प्रताप सिंह, मनबहाल सिंह, राममूरत यादव, रामफेर वर्मा, रिंकू सिंह, बच्ची, जानकी प्रसाद यादव, बिकाऊ यादव, सूर्यकला पत्नी रामराज।