गोंडा। विद्युत दुर्घटनाओं में सुरक्षा मानकों के प्रति गंभीरता न दिखाने के आरोप में बहराइच के गुल्लाबीर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता माहिर अली को निलंबित कर दिया गया है। इकौना के अवर अभियंता अभय कुमार और घारीघाट के बैजनाथ सिंह को नोटिस जारी किया गया है।
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि खंभों पर चढ़कर फाल्ट ठीक करते समय कर्मचारी विद्युत सुरक्षा उपकरण जरूर पहनें। विद्युत आपूर्ति बंद करने वाले प्रोफार्मा पर सुरक्षा उपकरण प्रयोग अनिवार्य किया गया था। कर्मियों को विभाग द्वारा सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं लेकिन इसमें लापरवाही हो रही है। आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है। अब लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
मीटर रीडरों को नहीं मिला मानदेय
जिले में मीटर रीडरों को दो महीने से मानदेय नहीं मिल सका है। मुख्य अभियंता से भी मानदेय का गुहार लगा चुके हैं। मीटर रीडर पंकज, संतोष और शिवम आदि ने बताया कि 28 मार्च को देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता ने खुद बिलिंग एजेंसी को पत्राचार करके मानदेय भुगतान के निर्देश दिए थे। मगर अभी तक मानदेय नहीं मिल सका है।