गोंडा। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार को फोन पर जान से मार देने की धमकी देने वाले के खिलाफ स्थानीय कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। मामला 5 नवंबर की शाम करीब 8 बजे का है, जब पत्रकार शिवानंद जायसवाल को एक नंबर से काल आई।
कॉलर ने अपना नाम और पता न बताकर सीधे पत्रकार से गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। पत्रकार द्वारा फोन काट देने के कुछ देर बाद पुन: वही कॉल करता है और अपना नाम शुभ यदुवंशी बताते हुए गाली देता है और छह की छह गोलियां भेजे में उतारने व मारने की धमकी देते हुए कहता है कि ग्राम करूवा निवासी पंडित शेष कुमार की तरफ से पैरवी करना छोड़ दो नहीं तो जान से मार दूंगा।
मामले में कोतवाली पुलिस ने पत्रकार की तहरीर पर मोबाइल नंबर व ट्रूकॉलर पर आए नाम के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। इस प्रकरण से आक्रोशित पत्रकारों ने थाने में शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग भी की है। कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर व ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी युवक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है, विधिक कार्रवाई की जा रही है।