गोंडा। देहात कोतवाली के बरुई गोदहा गांव में टेंट व्यवसायी के घर में घुसे चोरों ने जेवर व नकदी पार कर दी। टेंट व्यवसायी की पत्नी के जाग जाने पर चोर भाग निकले।
गांव निवासी महराज दत्त पांडेय ने बताया कि उनकी बालपुर कस्बे में कटरा रोड पर टेंट की दुकान है। बृहस्पतिवार रात वह घर के बाहर चौपाल में सो रहे थे, पत्नी और परिवार के अन्य लोग दो कमरों में सो रहे थे। देर रात खिड़की के छज्जे के सहारे छत पर चढ़ गए। वहां से जीने से घर में घुस आए और एक कमरे में रखा संदूक उठा लेकर जा रहे थे तभी उनकी पत्नी की नींद खुल गई तो संदूक लेकर भाग निकले।
सुबह घर से 200 मीटर की दूरी पर संदूक टूटा मिला। संदूक में 1200 रुपये नकदी, सोने की माला, चांदी की दो पायल व फूल की दो थाली रखी थी। जिसे चोर लेकर भाग निकले। चोरी गए जेवर की कीमत एक लाख रुपये बताई है। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि रात में ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।