टिकरी/ नवाबगंज। गोवंश तस्करी के अंतरजनपदीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नवाबगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की मंगलवार देर रात गो तस्करों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी अयोध्या के रौनाही थाना के शेखपुर जाफर गांव निवासी मोफीद ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घायल तस्कर के एक साथी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के पास से 10 गोवंश को मुक्त कराते हुए डीसीएम, कार, बाइक और तमंचा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि कुछ तस्कर गोवंशीय पशुओं को डीसीएम वाहन में भरकर अवैध रूप से ले जा रहे हैं। तस्करों की मदद के लिए एक कार आगे-आगे चल रही थी, जो रास्ता साफ होने की सूचना देती थी। मंगलवार को नवाबगंज पुलिस ने गड़ेरियन पुरवा-कोल्हमपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार बचकर भागने लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर कार चालक अयोध्या के रौनाही थाने के जगनपुर गांव निवासी अय्याज को गिरफ्तार कर लिया।
उससे हुई पूछताछ के बाद पीछे आ रहे डीसीएम वाहन को रोकने से पहले ही चालक और उसके साथी मौके से भाग निकले। वाहन में 10 गोवंशीय पशु रस्सियों से बर्बरतापूर्वक बंधे मिले। पुलिस ने सभी पशुओं को मुक्त कर सुरक्षित कब्जे में लिया और डीसीएम व कार को जब्त कर लिया।
पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य आरोपियों की तलाश में एसओजी और नवाबगंज पुलिस की संयुक्त टीम इलाके में दबिश देने लगी। मंगलवार देर रात नगवा मोड़ से गंगा राम चौराहा जाने वाली सड़क पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी मोफीद के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।