मुजेहना। पूर्व माध्यमिक विद्यालय, मेहनौन के पास नहर कटने से विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पानी का बहाव तेज होने के कारण स्कूल में पानी भर गया है। सूचना मिलने पर नहर विभाग ने कटान रोकने के लिए जेसीबी भेजी, लेकिन पानी के तेज बहाव के आगे वह बेअसर साबित हुई।
उधर, क्षेत्र में लगातार हो रहे जलभराव से विद्यालय के आसपास के लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों को चिंता है कि यदि जल्द कटान पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो स्थिति और गंभीर हो जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन और नहर विभाग से तत्काल कटान रोककर राहत दिलाने की मांग की है।
प्रधानाध्यापक प्रमोद मिश्र ने बताया कि सुबह सात बजे विद्यालय पहुंचने पर उन्होंने रिसाव देखा। इसकी सूचना नहर और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन विभाग ने समय पर कोई कदम नहीं उठाया। इससे पानी का बहाव तेज हो गया।
प्रशासक प्रतिनिधि रामू सिंह ने बताया कि सरयू नहर खंड के अवर अभियंता को सुबह नौ बजे सूचना दी गई थी। इसके बावजूद दोपहर तीन बजे तक बहाव रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्राथमिक विद्यालय के पुराने भवन में पानी भर गया है। परिणाम स्वरूप उसके ढहने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
अवर अभियंता महेंद्र कुमार ने बताया कि नहर कटने की सूचना मिली है। मिट्टी और जेसीबी की व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही मरम्मत करवाकर कटान रोका जाएगा।