गौराचौकी निपनिया में पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह के आवास पर मौजूद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अ
गोंडा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दिल्ली में हुए बम विस्फोट को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नाकामी का परिणाम है। देश की खुफिया एजेंसियां पूरी तरह फेल साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस गंभीर चूक की जिम्मेदारी लेते हुए गृहमंत्री अमित शाह को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
अजय राय बुधवार को निपनिया गौरा चौकी क्षेत्र में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राम प्रताप सिंह के आवास पर वैवाहिक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए केंद्र सरकार की सुरक्षा नीति पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजधानी जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र में विस्फोट होना यह दर्शाता है कि सरकार और इंटेलिजेंस एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी है। उन्होंने कहा कि इस घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि असली दोषियों तक पहुंचा जा सके।
बिहार चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि वहां एनडीए का जनाधार तेजी से खिसक रहा है। जनता अब विकल्प के रूप में कांग्रेस और उसके सहयोगियों की ओर देख रही है। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी, जिलाध्यक्ष राम प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।