करनैलगंज (गोंडा)। दो पक्षों में मामूली विवाद में पुलिस पांच लोगों को पकड़कर कोतवाली ले गई। दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर ली। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें थाने में बैठाए रखा। आरोप है कि एक दरोगा 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
ग्राम कुम्हरगढ़ी निवासी दीपक मौर्य व अखिलेश मौर्य ने सोमवार को उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है। इसमें कहा कि शनिवार रात दोनों पक्षों के बीच मामूली विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने कोतवाली में शिकायत की। इस पर पुलिस पांच लोगों को पकड़कर कोतवाली ले गई। वहां दरोगा दोनों पक्षों को अपने आवास पर ले गये और रातभर वहीं बैठाए रखा। सुबह होने पर दोनों पक्षों ने सुलह कर ली।
आरोप है कि सुलहनामा लेकर जब दोनों पक्ष दरोगा के पास पहुंचे तो वह भड़क गये। सुलहनामा फेंक दिया और दस हजार रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर मुकदमा दर्ज करके जेल भेजने की धमकी भी दी। आरोपी दरोगा ने इस बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। वहीं, कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है।