गोंडा। सर्पदंश से पीड़ित डेढ़ वर्षीय मासूम शिवांश की झाड़फूंक के चक्कर में अस्पताल पहुंचने के पहले ही मौत हो गई। वहीं, अस्पताल ले जा रहे मां और जीजा भी दुर्घटना में घायल हो गए।
खरगूपुर के बराराय निवासी शिवांश को शनिवार को खेलते समय सांप ने काट लिया। मां सीमा देवी व जीजा कुलदीप उसे बाइक पर बैठाकर पयागपुर में झाड़फूंक करने वाले के यहां ले गए। वहां राहत न मिलने पर गोंडा मेडिकल कॉलेज के लिए निकल पड़े। सीमा ने बताया कि पयागपुर से दो किलोमीटर चलते ही तेज रफ्तार एसयूवी से बाइक में टक्कर लग गई। इससे कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। सीमा को भी चोटें आईं। दूसरे परिजनों की मदद से शिवांश को गोंडा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल कुलदीप को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ईएमओ डॉ. अरिहंत मिश्र ने बताया कि शिवांश को मृत अवस्था में लाया गया था। समय से एंटी स्नैक वेनम की डोज मिलने से मरीज की जान बचने की संभावना अधिक होती है। (संवाद)