गोंडा में कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग क
गोंडा। दस साल हो गए, भाजपा सरकार ने जनता के हित में कोई ठोस कार्य नहीं किया। 10 साल का हिसाब न देना पड़े इसलिए भाजपाई इधर-उधर की बातें करके जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। इस बार चुनाव का मुद्दा महंगाई, गरीबी व बेराेजगारी है। इन सब पर सरकार के लोग चुप्पी साध लेते हैं। ये बातें कांग्रेस के जिला कार्यालय में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पन्नालाल पुनिया ने कहीं।
उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव संविधान बचाने का है। भाजपा में पार्टी का कुछ नहीं, सिर्फ मोदी की गारंटी है। एक व्यक्ति को आगे बढ़ाने की कवायद की जा रही है। भाजपा जनता और राष्ट्र के हित में काम करने वाली नहीं है। दो करोड़ हर साल रोजगार देने का झूठा वादा करके भाजपा ने सत्ता हासिल की थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। जनता इस बार जवाब देगी।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य के सपा को गुंडों वाली पार्टी बताने के सवाल पर सपा के प्रवक्ता मनोज यादव ने कहा कि भाजपा ने केशव मौर्य को उप मुख्यमंत्री इसलिए बनाया है कि वह अच्छा बोल लेते हैं। जिस व्यक्ति के ऊपर तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हों, उसके मुंह से यह बात अच्छी नहीं लगती। गठबंधन गरीबों व वंचितों की लड़ाई लड़ रहा है। इस मौके पर कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील पासी, बाराबंकी के जैदपुर विधायक गौरव रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र, शिवकुमार दूबे, रफीक रैनी, रमा कश्यप सहित अन्य मौजूद रहे।