गोंडा। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह टाउन हाल गांधी पार्क में हुआ। आयुक्त देवीपाटन मंडल एसवीएस रंगाराव व विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही व पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया।
आयुक्त एसवीएस रंगाराव ने परिवहन विभाग द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा माह के विभिन्न कार्यक्रमों व आयोजनों की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दशा में ट्रैफिक नियमों का पालन होना चाहिए। सुरक्षित यातायात के लिए सड़क की स्थिति, सिग्नल व्यवस्था तथा वाहन चलाने वाले की स्थिति तीनों महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सड़क सुरक्षा समिति की बैठकें, मंडल में नियमित कराये जाने पर बल देते हुए कहा कि ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर साइन बोर्ड, साइनेज तथा जेब्रा क्रॉसिंग के माध्यम से सड़क सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित किये जायें। ओवरलोड वाहनों का चालान किया जाय।
जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के आयोजन का उद्देश्य यही है कि सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनीकृत किया जा सके। उन्होंने बताया कि जनपद में कोविड-19 महामारी से 5 हजार 68 लोग प्रभावित हुए तथा कुल 70 लोगों की मृत्यु हुई।
उसके सापेक्ष सड़क दुर्घटना में तीन सौ लोग प्रभावित हुए जिनमें से दो सौ लोगों की मौत हो गई तथा सौ लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि इस आंकड़े से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि महामारी से भी कितना खतरनाक दुष्परिणाम सड़क दुर्घटना का है।