गोंडा। दहेज उत्पीड़न से तंग आकर एक विवाहिता ने घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने शव को फंदे से उतार कर पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के भाई ने कोतवाली में ससुराली पक्ष के पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के ललक पुर गांव के मजरा मड़हवा गांव निवासिनी कांति देवी(23) पत्नी दुर्गेश वर्मा का शव संदिग्ध हालात में रविवार की सुबह घर के कमरे की छत के हुक से लटकता मिला।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मजिस्ट्रेट व सीओ के सामने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। वहीं इस मामले में मृतका के भाई राम बाबू पुत्र निवासी भरथीपुर थानाछपिया ने कोतवाली में लिखाई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी बहन कांति देवी की शादी चार वर्ष पहले दुर्गेश वर्मा पुत्र पति राम उर्फ भुरदुल वर्मा निवासी ललकपुर माजरा मड़हवा के साथ हुई थी।
इसके बाद कांती के पति सहित सभी ससुरालीजन मिल कर तीन लाख नकदी की बराबर मांग करते रहे और मांग ना पूरी होने के कारण उसे मारते पीटते थे। इसी वजह से उसको खाना,कपड़ा देना बंद कर दिया।
धमकी देते थे कि यदि नकदी नही मिली तो हत्या कर देगे। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई लेकिन उन लोगों का रवैया नही बदला। रविवार की सुबह फोन से किसी अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दिया कि तुम्हारी बहन की अचानक मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मायके वाले मृतका के घर पहुंचे तो पता चला कि कांति की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई है।
इसके बारे में ससुराली जनों से पूछा कि उसकी बहन की हत्या क्यों कर दी तो मृतका के पति,भाई व परिजनों ने अभद्रता करते हुए कहा कि जो होना था हो गया। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति दुर्गेश वर्मा, जेठ राकेश वर्मा , देवर शम्मी वर्मा व सास बिन्दू वर्मा के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। कोतवाल श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है और मृतका के पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।