गोंडा। घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर शुक्रवार को व्यापारी नेता आदित्य पॉल की अगुवाई में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। व्यापारियों ने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पूर्ति विभाग की ओर से शिकायतों के समाधान के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का फोन कभी रिसीव नहीं होता। इससे लोगों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह को तलब कर निर्देशित किया कि यदि कंट्रोल रूम का नंबर रिसीव नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था में तत्काल सुधार लाया जाए। जिन गैस एजेंसियों के पास संसाधनों की कमी है, उनके उपभोक्ताओं को दूसरी एजेंसियों में शिफ्ट किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। डीएम ने गैस एजेंसियों को होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश भी दिया।