खरगूपुर (गोंडा)। दहेज में बाइक व नकदी की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को ससुराल वालों ने मारपीट कर मायके छोड़ दिया। विवाहिता के पिता ने पति समेत छह लोगों के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला थाना खरगूपुर क्षेत्र के ग्राम लोनावा दरगाह का है। यहां के रहने वाले मुकीम अहमद ने पांच वर्ष पूर्व अपनी बेटी शहजादी की शादी इटियाथोक थाना क्षेत्र के निर्वाहन जोत गांव निवासी समसुद्दीन के पुत्र पीर मोहम्मद के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही दहेज में बाइक तथा एक लाख रुपये नकद व सोने की जंजीर की मांग की जाने लगी।
लड़की के मायके वालों द्वारा उक्त मांग की पूर्ति करने में असमर्थता व्यक्त किए जाने पर विवाहिता का तरह-तरह से ससुरारीजनों द्वारा उत्पीड़न किया जाने लगा। लड़की के पिता मुकीम अहमद द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि ससुराल में उनके बेटी शहजादी को दहेज में उक्त सामान न मिलने पर मारा पीटा तथा मायका लोनावा दरगाह गांव के बाहर छोड़कर ससुरारीजन चले गए।
पीड़िता ने घर पहुंचकर आपबीती बताई। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष तिवारी ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति पीर मोहम्मद, श्वसुर शमसुद्दीन, सास शकीला सहित मोहम्मद जाफर, दीन मोहम्मद, सहाना बानो निवासी ग्राम निर्वाहन जोत थाना इटियाथोक के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।