गोंडा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक में आगामी 12 जुलाई को प्रस्तावित वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को दो दिन के भीतर कम से कम पांच-पांच मॉडल पौधरोपण स्थलों का चयन कर रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया है। मॉडल साइट चिन्हित करने में लापरवाही बरतने पर उपनिदेशक कृषि संतोष द्विवेदी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया गया।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल लक्ष्य पूरा करने तक सीमित न रहे, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग अपने-अपने आवंटित लक्ष्य के अनुरूप समय से तैयारियां पूरी करें और 12 जुलाई को शत-प्रतिशत पौधरोपण कर इसकी सूचना उपलब्ध कराएं। डीएम ने नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को ई-वेस्ट का नियमित संग्रहण कर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पौधरोपण से जुड़े अभियानों को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से विभागीय समन्वय बनाकर निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने को कहा गया। बैठक में सीडीओ दयानंद प्रसाद, डीएफओ अनुराग प्रियदर्शी, एडीएम आलोक कुमार एवं एडीओ पंचायत उपस्थित रहे।