गोंडा। गर्मी की छुट्टी के बाद परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की चहल-पहल लौट आई है, लेकिन स्कूल परिसरों के ऊपर से गुजर रही एचटी व एलटी लाइनें अब भी खतरे का सबब बनी हुई हैं। कई बार की शिकायतों और हादसों के बावजूद बिजली विभाग की ओर से लाइनों को हटाने का काम बेहद धीमी गति से किया जा रहा है।
बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक (निर्माण) विद्या भूषण मिश्र ने बताया कि 295 विद्यालयों के ऊपर से एलटी और एचटी लाइनें गुजर रही हैं। इसकी जानकारी बिजली विभाग को काफी पहले उपलब्ध करा दी गई थी। बावजूद इसके अब तक केवल 138 विद्यालयों के ऊपर से ही लाइनें हटाई गई हैं।
अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव का कहना है कि करीब 145 विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन लाइनें हटाई जा चुकी हैं। जुलाई के आखिर तक सभी विद्यालयों से लाइनें हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बताया कि आंधी और बारिश के दौरान बिजली के करीब तीन हजार पोल लगाने का कार्य प्राथमिकता पर करना पड़ा, जिससे विद्यालयों का कार्य निर्धारित गति से नहीं हो सका। अब इसे जल्द पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसलिए फिर चर्चा में आया बिजली विभाग
तरबगंज। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय जमालखानी परिसर में बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। संयोग अच्छा रहा कि उस समय विद्यालय बंद था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रधानाचार्य अमित सिंह ने बताया कि तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। शुक्रवार को भी आसपास के कई गांवों की आपूर्ति बाधित रही। इससे पहले पोर्टरगंज के पथवलिया गांव में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से पत्रकार रंजीत तिवारी की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद भी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्कूल में हर समय बना रहता है डर
धानेपुर। प्राथमिक विद्यालय इटवा कवि के प्रभारी प्रधानाध्यापक कांशीराम मौर्य ने बताया कि विद्यालय के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार विभागीय अधिकारियों और बिजली विभाग से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
जल्द शिफ्ट कराई जाएगी लाइन : एसडीओ
तरबगंज। पूर्व माध्यमिक विद्यालय चिवरहा में करीब 152 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। प्रधानाध्यापक राम मूर्ति ने बताया कि विद्यालय के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। बरगद के पेड़ से होकर निकली यह लाइन और भी अधिक खतरनाक हो गई है। एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि जल्द ही लाइन शिफ्ट कराई जाएगी।
एलटी लाइन को लेकर शिक्षक परेशान
पसका। परसपुर के छितौनी प्राथमिक विद्यालय छितौनी में 123 बच्चे नामांकित हैं। शुक्रवार को 48 उपस्थिति रहे। शिक्षक अंजनी कुमार शुक्ल ने बताया कि गेट व चारदीवारी से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से खतरा बना हुआ है। कई बार शिकायत की जा चुकी है।
पहले चरण में चिह्नित विद्यालयों से बिजली लाइनें हटाई जा चुकी हैं। दूसरे चरण में शामिल विद्यालयों से भी सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल लाइन हटाने के निर्देश जोन के सभी अधीक्षण अभियंताओं को दिए गए हैं। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
— यदुनाथ यथार्थ, मुख्य अभियंता, देवीपाटन जोन