फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: घर में लगी आग, 30 लाख कैश राख

Tue, 30 Apr 2024 11:06 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
 वजीरगंज के बालेश्वरगंज में दुकान में आग लगने से जले रुपये। - संवाद
विज्ञापन
गोंडा। वजीरगंज क्षेत्र के बालेश्वरगंज कस्बे में अज्ञात कारणों से दुकान व मकान में लगी आग में गृहस्थी के सामान के साथ ही 30 लाख रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। महिला ने खेत बेचकर घर में रुपये रखे थे। लपटों से घिरा मकान व दुकान देख वह चीखती-चिल्लाती रही। अग्निशमन टीम ने पहुंचकर आग बुझाई मगर तब तक सब कुछ जल चुका था।
विज्ञापन

बालेश्वरगंज कस्बे में रहने वाली छाया मोदनवाल के पति रामबाबू मोदनवाल का निधन हो चुका है। वह घर के ही अगले हिस्से में चाय और कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हैं। सोमवार देर रात करीब एक बजे छाया की दुकान में अचानक आग लग गई। धुआं घर में भरने से छाया की नींद खुल गई। वह तुरंत बाहर निकलीं और दुकान से लपटें निकलती देख शोर मचाने लगीं।
लोगों के मदद के लिए जुटने तक आग ने दोमंजिला घर को भी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम ने दो दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया। छाया ने बताया कि उन्होंने खेत बेचकर 30 लाख रुपये घर में रखे थे। पूरी रकम के साथ सोने-चांदी के जेवर व गृहस्थी का सारा सामान अग्निकांड में जल गया। उन्होंने कुछ अधजले नोट भी दिखाए।
विज्ञापन

लेखपाल कृष्ण कुमार वर्मा ने बताया कि अग्निकांड में छह लाख 10 हजार रुपये की क्षति का आकलन किया गया है। 30 लाख रुपये के नोट जलने के संबंध में उन्होंने अनभिज्ञता जतायी। प्रधान अवधेश गोस्वामी ने बताया कि पीड़िता को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। उधर, सोमवार देर शाम मझारा निवासी जयकिशुन, हरगोविंद व काशीराम मौर्य के फूस के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। तीनों लोगों का अनाज सहित गृहस्थी का सारा सामान जल गया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। प्रधान उपेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ितों को सहयोग किया जा रहा है। लेखपाल आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि 75 हजार रुपये की क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी गई है।
वहीं, छपिया क्षेत्र के सोहिली गांव में मंगलवार को आग लगने से बैजनाथ का तीन बीघा व जगन्नाथ का दो बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। गांव के रोहित कुमार ने बताया कि आग के चपेट में आने से संतराम द्विवेदी, शत्रुघ्न द्विवेदी, दिनेश द्विवेदी व सुरेश द्विवेदी की 50 हजार रुपये कीमत की सागौन की लकड़ी व भूसा जलकर राख हो गया। ग्रामीणों द्वारा आग पर काबू पाने के बाद अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। लेखपाल मंजीत कुमार ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील भेजी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें