फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: वीर बाल दिवस पर बच्चों की प्रतिभा का सम्मान

Fri, 26 Dec 2025 11:32 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
जीजीआईसी में आयोजित वीर बाल दिवस पर छात्र को पुरस्कृत करते अ​धिकारी। स्रोत:सूचना विभाग
विज्ञापन
गोंडा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में वीर बाल दिवस पर शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम प्रियंका निरंजन और सीडीओ अंकिता जैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही कोरोना काल में अनाथ हुए 19 बच्चों को लैपटॉप वितरित किया गया।
विज्ञापन

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान, हस्तशिल्प और नवाचार से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए। डीएम और सीडीओ ने बच्चों से संवाद कर उनके विचारों, प्रयोगों और सीखने की प्रक्रिया की जानकारी लेने के साथ ही प्रयासों की सराहना की।
डीएम ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। ऐसे मंच उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और समाज व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। सीडीओ ने कहा कि शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव और सामाजिक चेतना भी जरूरी है। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता का विकास होता है।
विज्ञापन

कार्यक्रम में कोरोना के दौरान जिन बच्चों के माता, पिता अथवा दोनों का निधन हो गया था, ऐसे 19 बच्चों को डीएम व सीडीओ ने लैपटॉप वितरित किए। कार्यक्रम में एडीएम आलोक कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र, जीजीआईसी की प्राचार्य गीता त्रिपाठी सहित अन्य मौजूद रहे।
साहिबजादों के बलिदान को किया नमन

गोंडा। वीर बाल दिवस पर शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने साहिबजादों के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए उन्हें देश की अमूल्य धरोहर बताया। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में भी अत्याचार के सामने झुकने के बजाय धर्म और सत्य के मार्ग पर अडिग रहना आज की पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में सूर्य नारायण तिवारी, अकबाल बहादुर तिवारी, ज्ञानी अशोक सिंह, ज्ञानी राजेंद्र सिंह, केके श्रीवास्तव, अनुपम प्रकाश मिश्र, सरदार विक्की सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए। जिला महामंत्री राकेश तिवारी, वंदना गुप्ता, सरिता तिवारी आदि मौजूद रहे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें