गोंडा। महाराजा देवीबख्श सिंह राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस में ऑल इंडिया कोटे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के चौथे दिन सोमवार को बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी हनी शर्मा ने प्रवेश लिया। हनी प्रवेश लेने वाले तीसरे छात्र हैं। संदीप बराला व आयुष गोयल का रविवार को दाखिला हो चुका है।
मेडिकल कॉलेज को मान्यता मिलने बाद द्वितीय चरण की काउंसिलिंग के विकल्प में गोंडा मेडिकल कॉलेज का नाम जुड़ गया। शुक्रवार को आधिकारिक वेबसाइट पर काउंसिलिंग का परिणाम जारी कर दिया गया। जिसमें पहले चरण में ऑल इंडिया कोटे से 14 छात्र प्रवेश के लिए चयनित हुए हैं। एक सीट केंद्र शासित प्रदेश के लिए रिजर्व कर दी गई है। रविवार को प्रवेश शुरू होने के बाद दो छात्रों का प्रवेश हुआ था, वहीं सोमवार को बिहार के हनी शर्मा ने प्रवेश लिया। अभी नौ छात्रों को प्रवेश लेना बाकी है। तय समय पर कॉलेज में रिपोर्ट न करने वाले छात्र की सुरक्षा जमा धनराशि जब्त कर ली जाएगी। इसके बाद तीन अक्तूबर से राज्य कोटे की एमबीबीएस 85 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
द्वितीय चरण की काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन से आठ अक्तूबर तक पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी। 11 अक्तूबर को काउंसिलिंग का परिणाम जारी किया गया। 12 से 18 अक्तूबर तक कॉलेज में रिपोर्ट करने की निर्धारित तिथि है। तीसरे चरण की काउंसिलिंग में राज्य कोटे से सभी 85 सीटों पर छात्र आवंटित होने की संभावना है। जिसके बाद अक्तूबर के चौथे सप्ताह से कक्षाएं शुरू होंगी। पहले समेस्टर में तीन प्रमुख विषय एनाॅटमी, बायोकेमिस्ट्री व फिजियोलॉजी की पढ़ाई होनी है। प्राचार्य डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने बताया कि पहले साले के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सीट फुल होने के बाद पढ़ाई शुरू की जाएगी।