मुजेहना (गोंडा)। थाना कोतवाली देहात के उतरौला-गोंडा मार्ग पर गुरुवार की देर शाम सोनवर्षा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक साइकिल सवार को रौंद दिया। जिससे युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
धानेपुर की तरफ भाग रहे ट्रक को कब्जे में लेने के लिए थाना धानेपुर की पुलिस को सूचना दी। थाना धानेपुर की पुलिस ने भाग रहे ट्रक को इंदिरा के पास स्थित इंडियन आयल पेट्रोल पंप के पास कब्जे में ले लिया है। कोतवाली देहात के ग्राम सोनवर्षा निवासी रंजीत पुत्र निरहू (19) बृहस्पतिवार की देर सायं साइकिल से निकट के देवरिया अलावल बाजार से कुछ आवश्यक खरीदारी करने के लिए गया था। वापस लौटते समय सोनवर्षा चौराहे पर साइकिल की चैन उतर गई। जिसे साइकिल को किनारे कर रंजीत चैन चढ़ाने लगा।
इसी बीच गोंडा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रंजीत को कुचल दिया। जिससे रंजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने निकट के सालपुर चौकी को दी। घटना की सूचना पर पहुंची चौकी की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना थाना धानेपुर पुलिस को दी जिससे उतरौला की ओर भाग रहे ट्रक चालक को ट्रक सहित इंदिरा नगर स्थित पेट्रोल पंप के पास से पकड़कर कब्जे में ले लिया है। सालपुर पुलिस चौकी प्रभारी अरुण कुमार राय ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के भाई मिट्ठू पुत्र निरहू की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।