गोंडा। जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नवनिर्मित संस्थान में टाटा टेक्नोलॉजी के कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके लिए बुधवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें हाईस्कूल पास छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगी। ऐसे में चार अगस्त तक टाटा के रोबोटिक्स और इलेक्टि्रक व्हीकल्स जैसे रोजगार परक कोर्स में प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा।
नोडल प्रधानाचार्य प्रभुनाथ मिश्र ने बताया कि मौजूदा समय में मांग के अनुसार टाटा टेक्नोलॉजी के कोर्स तैयार किए गए हैं। पहले चरण में कई दीर्घकालीन कोर्स के लिए आवेदन शुरू किया गया है। गोंडा और मनकापुर आईटीआई में तीन-तीन कोर्स चलाए जाएंगे। गोंडा आईटीआई में मैकेनिकल इलेक्ट्रिकल व्हीकल, मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन के अलावा प्लंबर कोर्स में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, मनकापुर आईटीआई में बेसिक डिजाइनर एंड वर्जुअल वेरीफायर (मैकेनिकल), इंडस्टि्रयल रोबोटिक्स एंड डिजीटल मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन और मैकेनिकल मोटर व्हीकल्स समेत अन्य कोर्स में अभ्यर्थी प्रवेश ले सकेंगे। ऐसे में दो और एक वर्ष के दीर्घकालीन कोर्स शुरू होंगे। वहीं, टाटा टेक्नोलॉजी के भवन में पहली बार कक्षाएं चलाई जाएंगी। इसके अलावा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के अलग-अलग कोर्स के लिए आवेदन मांगा गया है। उन्होंने बताया कि चार अगस्त तक आवेदन किया जाएगा। इसमें हाईस्कूल पास अभ्यर्थी रोजगारपरक शिक्षा व प्रशिक्षण हासिल सकेंगे। वहीं, ऑनलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि तीन लांग टर्म और दो शॉर्ट टर्म कोर्स संचालित किए जाएंगे। ऐसे में लांग टर्म कोर्स के लिए आवेदन शुरू कर दिया गया है। वहीं शार्ट टर्म कोर्स के लिए छात्रों का पूल बनाया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि शाॅर्ट टर्म कोर्स पोर्टल पर आने के बाद जल्द आवेदन लिया जाएगा। छोटी समयावधि में विद्यार्थी प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे।